लोगों की राय

आचार्य श्रीराम शर्मा >> सफलता के सात सूत्र साधन

सफलता के सात सूत्र साधन

श्रीराम शर्मा आचार्य

प्रकाशक : युग निर्माण योजना गायत्री तपोभूमि प्रकाशित वर्ष : 2005
पृष्ठ :48
मुखपृष्ठ : ई-पुस्तक
पुस्तक क्रमांक : 15531
आईएसबीएन :0

Like this Hindi book 0

विद्वानों ने इन सात साधनों को प्रमुख स्थान दिया है, वे हैं...

12

सफलता आपका जन्मसिद्ध अधिकार है


संसार में उन्नति करने और सफलता पाने की असंख्यों दिशाएँ हैं। असंख्यों लोग उनमें बढ़ते और सफल होने का प्रयत्न करते रहते हैं, किंतु कुछ लोग देखते ही देखते मालामाल होकर सफल हो जाते हैं और कुछ चींटी की चाल से रेंगते और तिल-तिल बढ़ते हुए जीवन भर उतनी दूर तक नहीं जा पाते जितनी दूर अन्य बहुत-से लोग दो चार साल में पहुँच जाते हैं।

दो समान एवं सामान्य स्थिति के व्यक्ति व्यापार क्षेत्र में एक साथ उतरते हैं। एक घोड़े की चाल से दौड़ता हुआ शीघ्र ही बड़ा व्यापारी बन जाता है और दूसरा छोटा-सा ही रह जाता है। यदि इसे भाग्य चक्र की गति कह दिया जाए तो कर्म, परिश्रम एवं उद्योग की मान्यता उठ जाती है, जिसे किसी अंध-विश्वासी, आलसी तथा अभाग्यवादी के सिवाय कोई विवेकशील व्यक्ति स्वीकार करने को तैयार न होगा।

दोनों दुकानदार परिश्रमी तथा पुरुषार्थी रहे हैं। कभी कोई क्षण आलस्य अथवा प्रमाद में नहीं खोया। प्रत्येक क्षण अपनी उन्नति एवं विकास में लगाते रहे। तब भी एक छोटा-सा दुकानदार बना रहा और दूसरा आँधी तूफान की तरह बढ़कर, एक बड़ा व्यवसायी, एक धनवान, पूँजीपति और लंबे-चौड़े कारोबार वाला बन गया। उसकी फर्म स्थापित हो गई, बैंकों में खाते खुल गए। टेलीफोन लग गया और मुनीम रोकड़िये काम करने लगे। अभी एक बेचारा अपने छोटे-से मकान की नींव भी नहीं डाल पाया था कि दूसरे की कोठियों पर मंजिलें चढ़ने लगीं दरवाजे पर कार खड़ी हो गई। निश्चय ही ऐसा लगता है कि उन दोनों में से एक सफल हो गया और दूसरा असफल रह गया।

स्वाभाविक है कि इस उन्नति एवं सफलता को देख-सुनकर इच्छा हो कि उसकी उस गतिमान सफलता का रहस्य पता चल जाता जिसे अपनाकर उन्नति की दिशा में अग्रसर होने का प्रयत्न किया जाए। धन, संपत्ति और वैभव-विभव के साथ जीवन को सफलता के ऊँचे शिखर पर कल्लोलं करते देखा जाए, किंतु विश्वास है कि इस घोड़े की चाल से आने वाली सफलता का रहस्य जानकर कोई भी स्वाभिमानी मनुष्य उसे दूर से ही हाथ जोड़कर उसके विपरीत असफलता को सहर्ष स्वीकार कर लेगा।

आँधी-तूफान की तरह आने वाली सफलता का रहस्य जानने के लिए एक सरकारी ठेकेदार का उदाहरण ले लीजिए। वह अपना कार्य किसी ठेकेदार के पास मजदूरों की कारगुजारी देखने और लिखने के काम से शुरू करता है। मालिकों को दिखाने के लिए मेहनत करने का अभिनय तो करता है, पर साथ ही मजदूरों से मिला रहता है। किसी को आराम देकर अथवा अधिक पैसा दिलाकर कमीशन लेता है। इमारत के मसाले में गड़बड़ी करके मालिक के मुनाफे में सहायक होता है, साथ ही मौका पाकर मालिक के सामान पर हाथ साफ करता है। मजदूरों की कारगुजारी और हाजिरी में हेर-फेर करके या तो उन्हें परेशान करके नाजायज लाभ उठाता है। या सीधे-सीधे मजदूरी मार लेता है। सामान सप्लायरों से मिलकर कमीशन तय करता और घटिया माल की खपत करा देता है। अफसरों को खुश करने के लिए चाटुकारी तो करता ही है, साथ ही मालिक से रिश्वत दिलवाकर खुद भी फायदा उठाता है। इस प्रकार अपनी आर्थिक आय के अनेक स्रोत खोलकर उन्नति का मार्ग प्रशस्त करता है। इस बीच उसे हजारों बार मजदूरों के कोप तथा आक्रोश भाजन बनना पड़ता है। मालिक से डाट और अफसरों से अपमान प्राप्त करता है। नौकरी से अलग होने की नौबत आती है तो खुशामद करना, पैर पकडना और गिडगिडाना काम आता है।

धीरे-धीरे छोटे-मोटे ठेके लेकर काम आगे बढ़ाता है। रिश्वत, बेईमानी असत्य और कपट की नीति से पैसा पैदा करके बड़ा ठेकेदार बन जाता है। फिर क्या राष्ट्र की संपत्ति हड़पता और सरकारी सड़कों, भवनों आदि में खोटा माल लगाकर खरे पैसे लेता है। कमजोर और अनुपयुक्त निर्माणों को रिश्वत के बल पर पास कराता और मालामाल बन जाता है। यह है वह रहस्य जिसके आधार पर अनेक लोग घोड़े की चाल चलकर बड़े आदमी बन जाते हैं और कोठी, कार, रेडियो, बंगले की चमक-दमक में सफल दिखाई देते हैं। आत्मा से लेकर राष्ट्र तक और लोक से लेकर परलोक तक की हानि कर बढ़ने वाले व्यक्तियों को यदि सफल माना जा सकता है। तो फिर संसार में असफल व्यक्ति किसे कहा जा सकता है-यह बात विचारणीय है। ऐसे आदर्श एवं आचरणहीन व्यक्तियों को वे लोग ही सफल मानकर प्रशंसा एवं स्पृहा कर सकते हैं जो या तो सफलता का अर्थ नहीं जानते या फिर उसी मनोवृत्ति के होते हैं। आर्थिक स्वार्थ के लिए आत्मा, स्वाभिमान, मनुष्यता तथा राष्ट्र के हित को बलिदान कर देने के बाद भी जिसे संतोष और प्रसन्नता होती है, उन्हें मनुष्य की श्रेणी में गिनने में संकोच ही होना चाहिए।

इसके विपरीत दूसरा व्यक्ति जिस काम में उतरता है, उसे ईमानदारी से करता है। न तो स्वयं अनुचित लाभ उठाता है और न दूसरे के लिए सहायक हो पाता है। नौकरी में मालिक के प्रति ईमानदार रहता है, हर प्रकार से उसके हित का ध्यान रखता है, किंतु अनुचित लाभों में सहायक नहीं हो पाता। निदान कोई उन्नति किये बिना यथास्थान पड़ा रहता है। धीरे-धीरे अपनी शुभ कमाई से मितव्ययितापूर्वक कुछ बचाता रहता है और जब थोड़ा-सा पैसा हो जाता है, तब काम को आगे बढ़ाता है। वह घूस देकर किसी दूसरे का अहित नहीं करता और न एक के बदले चार पाने का लोभ करता है; आत्मा, स्वाभिमान, राष्ट्र तथा मानवता की रक्षा करता; लोक-परलोक के रास्ते में काँटें नहीं बोता और थोडे में संतोष करता है। ऐसे ईमानदार तथा आदर्श एवं आचरणवान व्यक्ति का उन्नति की गति धीमी होना स्वाभाविक है। वह कहीं जिंदगी भर की कमाई में रहने योग्य एक अच्छा मकान बनवा पाता है। बैंक बैलेन्स, ऊँचा फर्म, लंबा चौड़ा कारोबार उसकी कल्पना एवं कामना के बाहर की बातें रहती हैं और यदि इनकी उपलब्धि होती भी है तो एक लंबे अरसे और कठिनतम परिश्रम के बाद, देखते-देखते नहीं। लगभग जीवन की पूरी अवधि सामान्य स्थिति और साधारण कारोबार में ही व्यय हो जाती है। देखने वालों को असफल एवं अनुन्नत व्यक्ति ही दीखता है किंतु वास्तव में वह कितना सफल व्यक्ति होता है, इसे विवेकशील व्यक्ति ही समझ पाते हैं।

आर्थिक प्रचुरता, व्यापारिक उन्नति एवं सामाजिक स्थिति को उसी दशा में सफलता की सूचक कहा जा सकता है, जबकि यह उपलब्धियाँ निष्कलंक तथा स्थिर सुख संतोष की देने वाली हों। जिन्हें देखकर अपने पवित्र पुरुषार्थ निर्विकार आचरण, सत्य व्यवहार और आंतरिक ईमानदारी का आत्मगौरव अनुभव हो। यदि यह उपलब्धियाँ अपने अन्याय, अनौचित्य, असत्य अथवा अनाचरण की याद दिलाकर आत्मग्लानि, हीन भावना, अपराधी-भाव का कारण बनती है और उनसे वांछित एवं वास्तविक हर्ष की प्राप्ति नहीं होती है तो निश्चय ही वे सफलता जैसे शब्द की अधिकारिणी नहीं बन सकती है। सफलता की कसौटी आदर्श रक्षा है-आर्थिक प्रचुरता नहीं।

ठेकेदार की तरह ही सफलता-असफलता का सच्चा स्वरूप समझने के लिए किन्हीं दो दुकानदारों का उदाहरण लिया जा सकता है। एक दुकानदार खाद्य पदार्थों में मिलावट करता है। कम तोल कर देता है। अधिक पैसे लेता है। चोरबाजारी करता है। ज्यादा दाम देने वाले के हाथ बेचता है। होते हुए चीज के लिए इन्कारी कर अभाव पैदा करता है और महँगाई बढ़ाता है। भोले अनजान व्यक्तियों को ठगता है। इस प्रकार के जाने कितने अनुचित उपायों द्वारा पैसा कमाकर कोठी खड़ी करता है। बड़ी फर्म का मालिक बनता है। अपनी अनुचित कार्यवाहियों के लिए समाज में शंका, संदेह तथा अपवाद का विषय बनता है। पुलिस का डर, कानूनों और हुक्कामों का भय उसे रात-दिन चैन नहीं लेने देता। आय एवं बिक्रीकर की चोरी करने के लिए दुहरा कागज रखता और उन्हें कहाँ रखें ? कहाँ छिपाऊँ के चक्कर के परेशान रहता है। रहस्यवाद मुनीमों तथा नौकरों से अपराधी की तरह डरता है। कभी-कभी जेल हवालात की हवा भी खानी पड़ती है। सरेआम शोषित व्यक्तियों द्वारा अपमानित होने की हर समय संभावना बनी रहती है और इस प्रकार जिंदगी एक बवाल बन जाती है। इतनी चिंताओं भयों तथा अवहेलनाओं के साथ पाया हुआ धन, जमा की हुई संपत्ति यदि सफलता की सूचक हो सकती है तो फिर असफलता को किन लक्षणों से जोड़ा जाएगा।

इसके विपरीत एक दुकानदार, स्पष्ट एवं औचित्यवान रहता है। कमाई कम होती है किंतु बाजार में साख है, ग्राहक विश्वास करते हैं। आत्म संतोष के साथ सिर ऊँचा करके चलता है, कोई ऊँगली नहीं उठा पाता बाहर-भीतर से साफ-सुथरा है। उचित बीज ही देता है। न तो समाज में निंदा का भय और न हाकिम हुक्कामों का डर।

स्त्री, पुरुष, बच्चे, बूढे सब प्रशंसा करते और सद्भावना रखते हैं। पहले उसी की दुकान पर जाते, तब कहीं मजबूरी से दूसरे के यहाँ। बाजार के बड़े, किंतु बेईमान व्यापारियों के बीच हीरे की तरह दमकता रहता है, लोकरंजन और लोकप्रियता के बीच व्यापार करता है। थोड़ा किंतु शुद्ध सामान रखता, न कभी किसी को कम देता और न बुरा सुनाता है। ऐसे स्वच्छ तथा निर्लिप्त दुकानदार को यदि सफल नहीं कहा जा सकता तो फिर आर्थिक क्षेत्र में सफल कहा जाने योग्य कोई भी नहीं माना जा सकता। सफलता का वास्तविक मापदंड अधिकता नहीं औचित्य ही है। अधिकता को औचित्य की तुलना में सफलता कहने वाले अपनी अविवेकशीलता को ही व्यक्त करते हैं।

दो विद्यार्थी परीक्षा देते हैं। उनमें से एक पास हो जाता है और दूसरा फेल। फेल होने वाला विद्यार्थी साल भर पढ़ता रहा यथासाध्य अध्ययन में कमी नहीं की, किंतु किन्हीं विशेष कारणों अथवा संयोगवश फेल हो जाता है। दूसरा पास होने वाला विद्यार्थी साल भर खेलता-कूदता और मटरगस्ती करता रहा। किताब को हाथ नहीं लगाता किंतु परीक्षा में नकल द्वारा अथवा अन्य अनुचित उपायों से पास हो जाता है। तो क्या यह सफल और वह असफल माना जाएगा ? नहीं ! ऐसा माना जाना गलत होगा। नकल द्वारा अथवा अनुचित उपायों के आधार पर पास हो जाने पर वह असफल ही माना जाएगा और पढ़ने तथा परिश्रम करने के बाद भी संयोगवश फेल हो जाने वाला उसकी तुलना में सफल ही माना जाएगा।

सफलता की कसौटी परिणाम नहीं बल्कि वह मार्ग, वह उपाय, वह साधन और वह आधार है उन्नति एवं विकास के लिए जिन्हें अपनाया और काम में लाया गया है। इस विवेचना के प्रकाश में, सफलता के आकांक्षी की अपनी समझ है, कि वह सरल एवं क्षिगति की स्वीकृति देता है अथवा पुरुषार्थ पूर्ण धीरे-धीरे आने वाली सफलता को।

...Prev | Next...

<< पिछला पृष्ठ प्रथम पृष्ठ अगला पृष्ठ >>

    अनुक्रम

  1. सफलता के लिए क्या करें? क्या न करें?
  2. सफलता की सही कसौटी
  3. असफलता से निराश न हों
  4. प्रयत्न और परिस्थितियाँ
  5. अहंकार और असावधानी पर नियंत्रण रहे
  6. सफलता के लिए आवश्यक सात साधन
  7. सात साधन
  8. सतत कर्मशील रहें
  9. आध्यात्मिक और अनवरत श्रम जरूरी
  10. पुरुषार्थी बनें और विजयश्री प्राप्त करें
  11. छोटी किंतु महत्त्वपूर्ण बातों का ध्यान रखें
  12. सफलता आपका जन्मसिद्ध अधिकार है
  13. अपने जन्मसिद्ध अधिकार सफलता का वरण कीजिए

अन्य पुस्तकें


समान पुस्तकें

लोगों की राय

No reviews for this book